Titwala Ganpati Visarjan: ठाणे जिले के टिटवाला में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच विवाद के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। गणपति की मूर्ति को जुलूस में पहले आगे ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते कहासुनी से धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। मामले में कल्याण तालुका पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब 70 से 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इस मामले में बीजेपी की पूर्व उपमहापौर और वर्तमान नगरसेविका उपेक्षा भोईर, उनके पति शक्तिवान भोईर के साथ ही उद्धव ठाकरे गुट के पूर्व नगरसेवक सुरेश भोईर और पदाधिकारी प्रदीप भोईर के नाम भी सामने आए हैं। उन्हें भी एफआईआर में आरोपी बनाया गया है।
गणपति जुलूस में आगे जाने को लेकर हुआ विवाद
ठाणे पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना टिटवाला के रीजेंसी सर्वम (Regency Sarvam), श्रीकृष्ण अस्पताल रोड, मनसे चौक और स्टेशन रोड इलाकों में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान घटी। विवाद की मुख्य वजह यह तय करना था कि किस गुट की गणपति प्रतिमा का जुलूस रास्ते पर पहले आगे बढ़ेगा।
शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस और कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों तरफ से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद मामला कथित तौर पर हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया।
दोनों पक्षों के लोगों पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। कल्याण तालुका पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों से जुड़े करीब 70 से 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने, दंगा भड़काने, अपशब्दों का इस्तेमाल करने, धक्का-मुक्की और मारपीट से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले में स्थानीय स्तर के राजनीतिक पदाधिकारियों और नेताओं के नाम सामने आने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
बता दें कि ठाकरे गुट के प्रदीप भोईर ने टिटवाला इलाके में उपेक्षा भोईर के खिलाफ चुनाव लड़ा था और हार गए थे।

