एटा के जलेसर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत पर काम कर रही 40 वर्षीय महिला से छेड़छाड़ और उसे जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के विरोध करने और चीखने-चिल्लाने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला के बेटे की लिखित शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खेत में काम करते समय पकड़ने का आरोप घटना 18 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे की बताई गई है। महिला अपने खेत में काम कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के श्यौराज सिंह पुत्र भंवरलाल सिंह और अंशु पुत्र चंद्रपाल ने उसे जबरन पकड़ लिया और उठाकर ले जाने की कोशिश की। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आरोपी उसे छोड़कर मौके से भाग गए। बेटे की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर महिला के बेटे की लिखित शिकायत पर 20 सितंबर की रात करीब 8 बजे दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जलेसर थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि बेटे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

