Ramanagara में POCSO आरोपी शिक्षक ने SP ऑफिस की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दी

Ramanagara में POCSO आरोपी शिक्षक ने SP ऑफिस की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दी

बच्चों का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी 49 वर्षीय शिक्षक ने कथित रूप से बेंगलुरु दक्षिण जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय परिसर की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान विजयनगर जिले के निवासी शशिधर के तौर पर हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी चन्नापटना तालुक के एक निजी स्कूल में शारीरिक शिक्षा के शिक्षक के रूप में कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार को रामनगर में बेंगलुरु दक्षिण जिले के एसपी कार्यालय परिसर में हुई। उन्होंने बताया कि इस घटना का वीडियो सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हुआ है जिसमें वह एक कॉन्स्टेबल को धक्का देकर रेलिंग की तरफ भागते और एसपी कार्यालय परिसर की तीसरी मंजिल से कूदते हुए दिख रहा है।

पुलिस के अनुसार, व्यक्ति को शनिवार शाम एक शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया जिसमें उस पर स्कूल के कई बच्चों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ यौन अपराध से बच्चों की सुरक्षा (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था और उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि यहां सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय जांच के बाद आरोपी को रविवार को एसपी कार्यालय लाया गया ताकि उसे न्यायिक हिरासत में भेजने से पहले आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित माप संग्रह इकाई में था। जब उसे वापस पुलिस की गाड़ी तक ले जाया जा रहा था तो उसने कथित तौर पर अपने साथ मौजूद एक कॉन्स्टेबल को धक्का दिया और इमारत की तीसरी मंजिल से कूद गया। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति को गंभीर चोट आई और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां बाद में उसकी मौत हो गई।

मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *