भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय सचिव एवं वित्तीय क्षेत्र प्रभारी गिरीश चंद्र आर्य का आगरा प्रवास के दौरान अंचल कार्यालय आगरा का दौरा हुआ। महाप्रबंधक सुनित कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें बैंकिंग क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर चल रही संगठनात्मक गतिविधियों से परिचित कराया। भारतीय मजदूर संघ द्वारा NOBO एवं CBOO के माध्यम से किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों से अवगत कराया गया, जो निकट भविष्य में अखिल भारतीय स्तर पर आमूलचूल परिवर्तन परिलक्षित करेंगे। NOBO एवं CBOO कार्यकर्ताओं के साथ भावना क्लार्क इन होटल में आयोजित संगोष्ठी में श्री आर्य ने हाल ही में वित्त मंत्री, भारत सरकार, निर्मला सीतारमण के साथ अपनी मुलाकात तथा वामपंथी यूनियनों द्वारा 11 सितंबर को BRICS सम्मेलन के दौरान की गई हड़ताल और आगामी 28, 29, 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल केवल राजनीतिक कारणों से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य राष्ट्र की छवि धूमिल करना और जनता को अनावश्यक कष्ट पहुंचाना है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से हड़ताल में न शामिल होकर राष्ट्रहित एवं उद्योगहित में बैंकिंग सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने का आह्वान किया।

