हरदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव में सोमवार 21 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे पति गंभीर यादव ने अपनी पत्नी साधना को तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से महिला घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पति गंभीर यादव मौके से भाग गया। घायल साधना को परिजन एंबुलेंस से हरदोई मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां से उसे लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। कोइलहा गांव के रहने वाले गंभीर की शादी करीब 15 साल पहले सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव की साधना से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें 14 साल की काजल, 11 साल का रौनक और 4 साल की रूही शामिल हैं। गंभीर और साधना बच्चों के साथ अलग रहते थे। जिस समय यह घटना हुई, घर के बाकी लोग सो रहे थे। तभी कमरे से साधना के रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो साधना जमीन पर पड़ी थी। साधना की ननद रीना ने बताया कि गंभीर उन्हें भी धमका रहा था। आरोप है कि उसने परिवार वालों को सामने से हटने के लिए कहा और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। जब वे साधना को अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तब भी आरोपी ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी बीच गांव के लोग इकट्ठा हो गए और गंभीर वहां से भाग निकला। साधना के ससुर राजकुमार, सास सीमा और ननद रीना उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर शिवम राज ने बताया कि महिला के सीने में गोली लगी है, जो आर-पार हो गई है। महिला की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे आगे के इलाज के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल गोली मारने की वजह साफ नहीं हो पाई है। परिवार वालों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा और मारपीट होती थी। पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस आरोपी गंभीर की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

