विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आते ही कानपुर शहर की राजनीति में सोशल इंजीनियरिंग के साथ सोशल मीडिया की जंग भी तेज हो गई है। खुद को जनता का हितैषी साबित करने की होड़ में नेताजी अब सरकारी दफ्तरों और थानों तक पहुंच रहे हैं। कोई बिजली घर में औचक निरीक्षण कर रहा है तो कोई चलती गाड़ी से ही बिजली विभाग के अफसर को फोन कर जनता की समस्या बता रहा है। खास बात ये है कि इन गतिविधियों के वीडियो भी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर तेजी से पहुंच रहे हैं। साथ ही विधानसभा चुनाव टिकट के दावेदार भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने भी अपनी सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। आइए आपको पिछले 7 दिन में सामने आए वीडियो के बारे में बताते हैं… 14 सितंबर: पट्टा लेकर थाने पहुंचे सपा विधायक अमिताभ बाजपेई आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई 14 सितंबर को हरबंश मोहाल थाने की सिरकी मोहाल चौकी पहुंचे। बताया गया कि चोरी के आरोप में पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक की पिटाई के विरोध में विधायक वहां पहुंचे थे। विधायक के कंधे पर एक पट्टा लटका हुआ था। उन्होंने बताया कि इसी तरह के पट्टे से युवक की पिटाई की गई। मामले को लेकर चौकी पर विधायक के समर्थक भी पहुंच गए। इस दौरान विधायक की एसीपी और थानेदार से तीखी बहस हुई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में विधायक एसीपी से “ज्ञान मत दो” कहते नजर आए। वहीं महिला थानेदार से उन्होंने कहा कि अगर कोई पुरुष होता तो “दो-दो हाथ कर लेते।” 16 सितंबर: चलती गाड़ी से बिजली अफसर को भाजपा विधायक ने फोन किया 16 सितंबर को बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा का चलती गाड़ी में बनाया गया वीडियो भी सामने आया। वीडियो में विधायक बिजली विभाग के अधिकारी से मंधना क्षेत्र की बिजली समस्या को लेकर फोन पर बात करते नजर आए। विधायक ने अधिकारी से कहा- उन्हें लगता है कि मंधना में विभाग की ओर से “बदमाशी चलती है। उन्होंने कहा कि लोग पांच साल से परेशान हैं। 18 घंटे के शेड्यूल का हवाला मिलने पर विधायक ने सवाल किया कि जब वहां निर्धारित सप्लाई नहीं मिल रही तो दोषी कौन है। चेयरमैन, एमडी और मंत्री के पास समय नहीं है तो जनता केवल गाली खाने के लिए नहीं बनी है। वीडियो में वह अधिकारी से यह भी कहते सुनाई दिए कि वह उनके ऑफिस आएंगे और “आप लोग कानपुर में बैठ नहीं पाएंगे। उल्टा चलेंगे तब आप लोग ठीक रहेंगे।” 17 सितंबर: बिजली सब स्टेशन में विधायक ने ‘क्लास’ ली बिल्हौर से भाजपा विधायक राहुल बच्चा सोनकर 17 सितंबर को सांभी सब स्टेशन के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कैमरा भी लगातार चलता रहा। सब स्टेशन में तीन लोग मौजूद थे। इसके बावजूद विधायक ने सवाल किया कि ऑफिस में कोई नहीं है। जेई के मौजूद होने की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने कुर्सी संभाली और बिजली आपूर्ति की जानकारी लेने लगे। 18 घंटे की बिजली आपूर्ति और शेड्यूल के जवाब पर विधायक ने कहा कि शेड्यूल अलग विषय है, ग्राउंड लेवल पर काम नहीं है। विधायक ने ग्रामीणों की बिजली कटौती की समस्या का जिक्र करते हुए पूछा कि वास्तव में कितने घंटे बिजली दी जा पा रही है। निरीक्षण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया। 19 सितंबर: चार महीने पुराना वीडियो सामने आया विधायकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बीच गोविंद नगर विधानसभा से पूर्व सपा प्रत्याशी और टिकट के दावेदार सम्राट विकास भी इस सिलसिले में चर्चा में आ गए। 19 सितंबर को उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह गुजैनी थाने के भीतर एक सब इंस्पेक्टर से बहस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मारपीट के एक मामले में वह अपने समर्थक की पैरवी करने थाने पहुंचे थे। वीडियो में वह एसआई से “रायता बड़ा हो जाएगा” कहते नजर आ रहे हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि यह वीडियो 17 मई का है। यानी घटना के करीब चार महीने बाद वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। सक्रियता दिखाने का नया तरीका पिछले एक सप्ताह में सामने आए इन चार वीडियो से शहर की राजनीति में बदलता चुनावी अंदाज भी दिखाई दे रहा है। जनता की समस्याओं को लेकर सरकारी दफ्तर पहुंचना, अफसरों से तीखी बातचीत करना और मौके का वीडियो बनाकर पोस्ट करना नेताओं का एक्टिव होना दिखा रहा है। ———————————– ये खबर भी पढ़ें
ओवैसी बोले-तुम्हारा अखिलेश भैया आया तो कितने दंगे हुए थे?:AIMIM से गठबंधन का ऑफर दिया, कहा- यूपी में BJP को रोकना है तो साथ आइए AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कानपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, 2027 का विधानसभा चुनाव आ रहा है तो कह रहे हैं, ‘भैया आ रहे हैं।’ अच्छा, तुम्हारा ‘भैया’ आ गया तो क्या हुआ था? कितने दंगे हुए थे? पढ़िए पूरी खबर

