राहुल गांधी जहां गए वहां कांग्रेस को नुकसान हुआ, CM साय ने साधा निशाना

राहुल गांधी जहां गए वहां कांग्रेस को नुकसान हुआ, CM साय ने साधा निशाना

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस लीडर व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर निशाना साधा। CM साय ने 20 सितंबर को रायपुर में कहा कि राहुल गांधी का पिछला रेकॉर्ड उठाकर देख लीजिए। वे जहां-जहां गए हैं, वहां कांग्रेस को फायदा कम और नुकसान ज्यादा हुआ है। इंदौर और मध्यप्रदेश में भी यही होने वाला है। देश की जनता लगातार कांग्रेस की राजनीति को देख और समझ रही है।

सीएम साय ने ओडिशा रवाना होने से पहले रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अभी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के चुनाव परिणाम भी हमारे सामने हैं। इन चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई एक भी केंद्रीय पद नहीं जीत सकी। ये चुनाव परिणाम अपने आप में बहुत कुछ कहते हैं।

सीएम साय ने कहा कि देश का युवा बहुत जागरूक है। वह केवल नारों या बातों के आधार पर अपना निर्णय नहीं करता, बल्कि यह देखता है कि देश को आगे कौन ले जा रहा है, उसके भविष्य और अवसरों के लिए कौन काम कर रहा है। दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव परिणामों को भी इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा विकास, राष्ट्रहित और अपने बेहतर भविष्य को लेकर सजग है। लोकतंत्र में जनता और विशेषकर युवाओं का मत ही सबसे महत्वपूर्ण होता है और उनके निर्णय का सभी को सम्मान करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *