SI Recruitment Exam : राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा एसआई/प्लाटून कमांडर पुनः परीक्षा-2021 की मॉडल उतरकुंजियां आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई हैं। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को इन मॉडल उतरकुंजियां पर कोई आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ 21 से 23 सितंबर 2026 को रात्रि 12 बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है। आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार ही प्रविष्ट करें।
उक्त परीक्षा के मॉडल प्रश्न पत्र राजस्थान लोक सेवा आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आपत्ति प्रामाणिक (स्टैंडर्ड, ऑथेंटिक) पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइन ही प्रविष्ट करें। वांछित प्रमाण संलग्न नहीं होने की स्थिति में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही उक्त परीक्षाओं में सम्मिलित अभ्यर्थियों के अतिरिक्त यदि कोई अन्य व्यक्ति आपत्ति दर्ज करवाता है, तो उस पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
आयोग द्वारा प्रत्येक प्रश्न के लिए आपत्ति शुल्क रु 100/- (सेवा शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर उक्त परीक्षा के लिए उपलब्ध लिंक (क्वेश्चन ऑब्जेक्शन) पर क्लिक कर प्रश्नों पर आपत्तियां दर्ज कराकर प्रति प्रश्न आपत्ति शुल्क रुपए 100/-(सेवा शुल्क अतिरिक्त) के हिसाब से कुल आपत्ति शुल्क ई-मित्र कियोस्क अथवा अभ्यर्थी स्वयं भी रिक्रूटमेंट पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट गेटवे पर भुगतान कर आपत्तियां दर्ज कर सकता है।
शुल्क वापस लौटाने का प्रावधान नहीं
आयोग द्वारा शुल्क वापस लौटाने का प्रावधान नहीं है। शुल्क के अभाव में आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएगी। आपत्तियां केवल ऑनलाइन ही प्रस्तुत करें। अन्य किसी माध्यम से भेजी गई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएगी। आपत्तियां केवल एक बार ही ली जाएगी। ऑनलाइन आपत्तियों का लिंक दिनांक 21 से 23 सितंबर 2026 तक ही उपलब्ध है, उसके पश्चात् लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होने पर अभ्यर्थी recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ईमेल से अथवा फोन नम्बर 9352323625 व 7340557555 पर संपर्क कर सकते हैं।
राज्य के 11 जिलों में आयोजित की गई परीक्षा
राजस्थान पुलिस उपनिरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2021 की पुनः परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राज्य के 11 जिलों में आयोजित की गई। अधिकारियों के अनुसार, पुनः परीक्षा के लिए कुल 2,18,114 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा 666 केंद्रों पर आयोजित की गई।
उन्होंने बताया कि नकल, फर्जी अभ्यर्थियों और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन, चेहरे की पहचान की गई और तलाशी ली गई। पेपर लीक के बाद 2021 की भर्ती परीक्षा रद्द किए जाने के चार साल बाद यह पुनः परीक्षा आयोजित की गई है। वर्ष 2021 की परीक्षा के लिए 7,97,011 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 3,83,097 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।पेपर लीक मामले की जांच विशेष अभियान समूह (एसओजी) को सौंपी गई थी, जो अब भी इसकी जांच कर रहा है। इस मामले में अब तक करीब 149 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

