Bibek Debroy: दिल्ली मतदाता सूची पुनरीक्षण में दिवंगत अर्थशास्त्री का नाम, चुनाव आयोग हटाएगा

Bibek Debroy: दिल्ली मतदाता सूची पुनरीक्षण में दिवंगत अर्थशास्त्री का नाम, चुनाव आयोग हटाएगा

दिल्ली में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत दिए गए विवरणों में ‘‘विसंगतियों’’ के लिए मतदाताओं को नोटिस जारी करने की सूची में दिवंगत अर्थशास्त्री और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के पूर्व अध्यक्ष विवेक देबरॉय का नाम भी शामिल है। देबरॉय नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता थे और नवंबर 2024 में उनका निधन हो गया था। देबरॉय का नाम 33 लाख मतदाताओं की उस सूची में शामिल है, जिन्हें गणना प्रपत्रों के माध्यम से दिए गए विवरणों में ‘‘विसंगतियों’’ के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें देबरॉय के निधन की जानकारी है और अब उनका नाम अंतिम सूची से हटा दिया जाएगा।’’
दिल्ली के चुनाव अधिकारियों ने कहा कि देबरॉय का नाम नोटिस पाने वाले मतदाताओं की सूची में निर्वाचन आयोग के निर्देश के कारण शामिल था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार, चुनावी डेटाबेस में पहले से चिह्नित न्यायपालिका के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, विशेष पदों पर आसीन व्यक्तियों तथा कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल व सार्वजनिक सेवाओं के क्षेत्र की हस्तियों के नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल किए जाने हैं। कार्यालय ने कहा कि यह निर्देश इसलिए जारी किया गया था ताकि दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि के दौरान आवश्यक दस्तावेज भी एकत्र किए जा सकें।

एक चुनाव अधिकारी ने कहा कि बीएलओ ने देबरॉय के निधन की जानकारी दर्ज की थी, लेकिन निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार उनका नाम हटाया नहीं जा सका और वह मसौदा मतदाता सूची का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *