जामुल थाना क्षेत्र के वार्ड-22 कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 40 वर्षीय पुरण भारती की हत्या कर दी गई। विवाद के दौरान आरोपी ने पुरण भारती के सिर पर ईंट-पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पुरण भारती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद मामा-भांजा दोनों को हिरासत में लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय मामा-भांजा कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतक पुरण भारती वहां पहुंचा। शराब पीने के दौरान पुरण भारती और राज जोशी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पुरण भारती पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में पुरण भारती के सिर पर गंभीर चोट आई। वह खून से लथपथ होकर कमरे में गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कमरे में मौजूद मामा-भांजा वहीं पड़े रहे। मामा ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद पुलिस को हत्या की सूचना आरोपी के मामा मनीष बघेल ने ही दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा करवाया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद वहां मौजूद मामा-भांजा को हिरासत में लिया। पुलिस दोनों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान पुरण भारती और आरोपी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। मृतक उतई का रहने वाला बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह और सिर में आई चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र को लेकर अब कोई नाबालिग होने की स्थिति नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी बालिग है। मामले में पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही विवाद की वास्तविक वजह और हत्या में आरोपी की भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों से पूछताछ जारी
घटना के बाद कुरूद बाजार चौक इलाके में भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामा-भांजा को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

