नरसिंहपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर आरटीओ कार्यालय के पास रविवार को एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार ग्रामीण की मौत हो गई। अज्ञात चारपहिया वाहन ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी, जिससे चालक के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी जान चली गई।
मृतक की पहचान करेली थाना क्षेत्र के ग्राम गिधवानी निवासी ईश्वर पटेल (45 वर्ष) के रूप में हुई है। ईश्वर रविवार को अपने रिश्तेदार के खारी विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने केरपानी नर्मदा तट जा रहे थे।
जब वे आरटीओ कार्यालय के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ईश्वर स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए और सिर में गंभीर चोट लगने से वहीं पड़े रहे। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
वहां से गुजर रहे गिधवानी के एक ग्रामीण ने ईश्वर को सड़क पर पड़ा देखा और तुरंत उनके परिवार को सूचना दी। जानकारी मिलते ही एनएचएआई की 1033 एंबुलेंस सेवा भी मौके पर पहुंच गई। परिवार की मौजूदगी में घायल ईश्वर को एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें शासकीय जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद ईश्वर को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सौंप दिया।

