Tukaram Mundhe FDA Maharashtra: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे इन दिनों मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अपने ताबड़तोड़ अभियानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही उनके कड़े फैसलों और सख्त कार्रवाई की सराहना न केवल आम जनता, बल्कि राजनीति, खेल और उद्योग जगत की हस्तियां भी कर रही हैं। हाल ही में न्यूज 18 मराठी को दिए एक साक्षात्कार में मुंधे ने एफडीए से संभावित तबादले, भविष्य की प्राथमिकताओं और लापरवाह अधिकारियों को लेकर अपना रुख साफ किया है।
अगला विभाग कौन सा?
जब उनसे पूछा गया कि FDA से तबादला होने के बाद वह किस विभाग की जिम्मेदारी संभालना पसंद करेंगे, तो तुकाराम मुंढे ने कहा कि यह फैसला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, बल्कि राज्य सरकार इस पर निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी के लिए यह तय करना संभव नहीं है कि उसे आगे किस विभाग में जिम्मेदारी दी जाएगी। सरकार की ओर से जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे स्वीकार करना और उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाना ही उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका ध्यान भविष्य में मिलने वाली किसी संभावित जिम्मेदारी पर नहीं, बल्कि वर्तमान पद पर रहते हुए अपने काम को बेहतर तरीके से पूरा करने पर है।
‘भविष्य की चिंता छोड़ वर्तमान में जीना सीखें’
महाराष्ट्र के बाहर या केंद्र में काम करने की संभावनाओं पर सवाल पूछे जाने पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने कहा कि मैं भविष्य के बारे में ज्यादा नहीं सोचता। इस समय जो भूमिका मुझे दी गई है, उसके प्रति पूरी तरह से जवाबदेह हूं। हमें जो जिम्मेदारी मिले, उसे सर्वोत्तम तरीके से निभाना चाहिए। हमें भविष्य की चिंता छोड़ वर्तमान में जीना सीखना चाहिए।
कर्तव्यहीन अधिकारियों को सीधी चेतावनी
एफडीए में जारी अभियानों के दौरान लापरवाही बरतने वाले या समझौता करने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए मुंधे ने चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई अधिकारी अपने कर्तव्यों से समझौता करता है या गलत काम में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके प्रति कोई सहानुभूति नहीं दिखाई जाएगी। नियम तोड़ने वालों और भ्रष्ट आचरण करने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

