जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा को लाहौर स्थित उनके घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वे इमरान की पार्टी तहरीक ए इंसाफ के कार्यकर्ताओं के साथ इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर 27 सितंबर से विरोध-प्रदर्शन शुरू करने वाली थीं। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेट कप्तान रहे इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, PTI के एक प्रवक्ता ने अलीमा खान की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। प्रदर्शन से पहले PTI कार्यकर्ताओं की भी गिरफ्तारी अलीमा खान की गिरफ्तारी से पहले इस्लामाबाद पुलिस चार PTI कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में ले चुकी है। डॉन के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि इन लोगों को 27 सितंबर के प्रदर्शन की तैयारी से जुड़ी एक बैठक के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उन पर दंगा करने, सरकारी काम में रुकावट डालने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने जैसे आरोप लगाए हैं। PTI ने 27 सितंबर को राजधानी इस्लामाबाद में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी का कहना है कि इस प्रदर्शन का मुख्य मकसद इमरान खान की रिहाई की मांग करना है। PTI अध्यक्ष बैरिस्टर गोहर अली खान इसे पहले ही शांतिपूर्ण मार्च बता चुके हैं। प्रदर्शन के पहले इस्लामाबाद में सुरक्षा बढ़ी प्रदर्शन को देखते हुए इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डॉन के मुताबिक, पुलिस और प्रशासन ने शहर के आने-जाने वाले रास्तों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। प्रदर्शन से जुड़ी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
इमरान की बहन लाहौर से गिरफ्तार:पूर्व पीएम की रिहाई के लिए प्रदर्शन की तैयारी कर रही थी, इमरान अगस्त 2023 से जेल में हैं

