अलवर में SI भर्ती पुनः परीक्षा आज 48 केंद्रों पर कड़ा पहरा, 13 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी दे रहे एग्जाम

अलवर में SI भर्ती पुनः परीक्षा आज 48 केंद्रों पर कड़ा पहरा, 13 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी दे रहे एग्जाम

अलवर जिला मुख्यालय पर उप-निरीक्षक/प्लाटून कमांडर प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 आज रविवार को आयोजित हो रही है। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से होने वाली इस परीक्षा के लिए 48 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 16 राजकीय और 32 निजी परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा में कुल 13,320 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा दो पारियों में हो रही है। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र का प्रवेश बंद कर दिया गया। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया।

परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग की गई। इसके बाद बायोमीट्रिक प्रक्रिया पूरी होने पर ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। प्रशासन और परीक्षा से जुड़े अधिकारियों की ओर से अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई थी, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

आठ सतर्कता दल रखेंगे निगरानी

परीक्षा को लेकर आठ सतर्कता दल गठित किए गए हैं। इन दलों में राजस्थान प्रशासनिक सेवा और राजस्थान पुलिस सेवा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं। सतर्कता दल परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं और परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।

परीक्षा सामग्री को निर्धारित केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 16 उप समन्वयक दल लगाए गए हैं। परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी रोकने और पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।

हर केंद्र पर दो वीडियोग्राफर तैनात

आज होने वाली परीक्षा त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित हो रही है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो वीडियोग्राफर तैनात किए गए हैं। ये वीडियोग्राफर अभ्यर्थियों की सामने से वीडियोग्राफी करेंगे। इसके अलावा राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अलवर मिनी सचिवालय स्थित अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) कार्यालय के कक्ष संख्या 122 में परीक्षा नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यह नियंत्रण कक्ष परीक्षा समाप्त होने तक कार्यरत रहेगा। किसी तरह की जानकारी या समस्या के लिए नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0144-2345077 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *