Asian Games 2026 Men’s Hockey: दिलप्रीत सिंह के चार गोल से भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया

Asian Games 2026 Men’s Hockey: दिलप्रीत सिंह के चार गोल से भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया

Asian Games 2026: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इंडोनेशिया पर 13-1 से हराकर अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। 

IND beats INA 13-1 in Asian Games 2026 opener: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को कावासाकी जुको स्टेडियम में पूल ए के मुकाबले में इंडोनेशिया पर 13-1 की शानदार जीत के साथ 20वें एशियाई खेलों में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। भारतीय टीम के आठ अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए, जिनमें दिलप्रीत सिंह के चार गोल सबसे प्रमुख रहे। भारत ने मैच की पहली सीटी से लेकर आखिरी सीटी तक शानदार और सटीक प्रदर्शन किया और इस जीत के साथ महाद्वीपीय खिताब के अपने बचाव की शुरुआत में मजबूत इरादे जाहिर किए।

पहला क्वार्टरः भारत की तेज शुरुआत

भारत ने एशिया गेम्स में अपने अभियान का आगाज 6वें मिनट में किया। हरमनप्रीत सिंह के ड्रैग-फ्लिक के रिबाउंड शिलानंद लाकड़ा ने गोल किया। इसके बाद 12वें मिनट में अभिषेक ने गोलकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इंडोनेशिया के गोलकीपर आलम फजर ने मंदीप सिंह के कुछ शुरुआती प्रयासों को रोककर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। इस तरह पहले क्वार्टर के अंत तक भारत ने 2-0 की बढ़त कायम रखी।

दूसरे क्वार्टरः गोलों की लगी झड़ी

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने गोलों की झड़ी लगा दी। दिलप्रीत सिंह ने दो मिनट के भीतर (18वें और 19वें मिनट में) लगातार दो गोल कर टूर्नामेंट में अपना खाता खोला। इसके बाद 19वें मिनट में राजिंदर सिंह और 21वें मिनट में मंदीप सिंह ने गोल दागा। 28वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। इस तरह हाफ टाइम तक भारत ने 7-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी।

तीसरे क्वार्टरः इंडोनेशिया का पहला गोल

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में इंडोनेशिया ने अपना पहला गोल किया। कप्तान औलिया अल अरध ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। वीडियो रेफरल के बाद फैसला इंडोनेशिया के पक्ष में रहा और स्कोर 7-1 हो गया। भारत ने जवाब दिया। शिलानंद लाकड़ा ने 35वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि दिलप्रीत सिंह ने 37वें मिनट में हैट्रिक पूरी कर ली। इसके बाद 38वें मिनट में सुखजीत सिंह ने भी गोल दागा और तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत ने 10-1 की बढ़त बना ली।

अंतिम क्वार्टरः

अंतिम क्वार्टर में भी भारत का आक्रामक खेल जारी रहा। 47वें मिनट में भारत के दूसरे पेनल्टी कॉर्नर प्रयास पर जुगराज सिंह ने गोल किया। इसके एक मिनट बाद, 48वें मिनट में सुखजीत सिंह ने अपना दूसरा गोल किया। 49वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने अपना चौथा गोल किया। अभिषेक के शुरुआती टच के बाद उन्होंने गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल में पहुंचाया। भारत की बढ़त 13-1 कर दी। मैच के अंतिम मिनटों में इंडोनेशिया ने सर्कल में गेंद पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन भारत की विशाल बढ़त बरकरार रही।

इस शानदार जीत के साथ भारत ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। अब भारत अपने पूल ए के दूसरे मुकाबले में 22 सितंबर को श्रीलंका का सामना करेगा। यह मैच दोपहर 3:30 बजे IST से शुरू होगा।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *