उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति और बहुजन समाज के अधिकारों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। रविवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और नेता कुंवर सिंह निषाद ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें दलित समाज के लिए निर्धारित संसाधनों का समुचित इस्तेमाल नहीं कर रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत निर्धारित धनराशि का लाभ जिस तरह मिलना चाहिए, वह नहीं मिल रहा है। 1978-79 में शुरू हुई थी विशेष योजना कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अनुसूचित जाति के सामाजिक और आर्थिक पिछड़ेपन को दूर करने के लिए अध्ययन के बाद 1978-79 में स्पेशल कंपोनेंट प्लान की व्यवस्था शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य विकास योजनाओं में अनुसूचित जाति की आबादी के अनुपात के अनुरूप संसाधन सुनिश्चित करना था। केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय के अनुसार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अनुसूचित जातियों के लिए विशेष योजनाएं बनाकर संसाधन निर्धारित करने की व्यवस्था रही है। कैरी फॉरवर्ड व्यवस्था लागू करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि निर्धारित वित्तीय वर्ष में खर्च नहीं हो पाने वाली राशि को अगले वित्तीय वर्ष में ले जाकर अनुसूचित जाति के विकास कार्यों पर खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में इस व्यवस्था का पालन नहीं हो रहा है और दलित समाज के हिस्से की राशि को दूसरी जगह इस्तेमाल किया जा रहा है या वह लैप्स हो रही है।
कांग्रेस ने कहा कि इसका सीधा असर छात्रों की छात्रवृत्ति, बस्तियों के विकास और युवाओं से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ रहा है। पार्टी नेताओं ने सरकार से एससी कंपोनेंट के तहत आवंटित, खर्च और शेष धनराशि का विभागवार ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।
भाजपा सरकार से मांगा खर्च का हिसाब
ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि अनुसूचित जाति के लिए निर्धारित बजट में कितनी राशि आवंटित हुई, कितनी खर्च की गई और कितनी धनराशि शेष रही। उन्होंने कहा कि सिर्फ बजट में प्रावधान करने से दलित समाज का विकास सुनिश्चित नहीं होगा, बल्कि राशि का वास्तविक उपयोग भी दिखना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह मुद्दा केवल बजट का नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक भागीदारी से जुड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े इस मुद्दे को पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

