कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शनिवार को बूंदी पहुंचे। वे पूर्व मंत्री अशोक चांदना की माता के निधन पर शोक जताने आए थे।
दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने और चांदना परिवार से संवेदनाएं व्यक्त करने के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया से भी बात की। इस दौरान उन्होंने निकाय बोर्ड गठन को लेकर भाजपा सरकार पर हमला किया। डोटासरा ने आरोप लगाया कि थानेदारों को सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से आदेश मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से चार नेता आए हैं, जिन्होंने डीजीपी और मुख्य सचिव के सामने कहा है कि वे जो कहेंगे, वही होगा। जिन निकायों में भाजपा को बहुमत नहीं मिला है, वहां सबसे ज्यादा खींचतान चल रही है। कांग्रेस के बहुमत वाले निकायों में पुलिस की घेराबंदी कर पार्षदों को डराया जा रहा है। ‘जनता के वोट का सम्मान होना चाहिए’
डोटासरा ने आगे कहा कि जनता वोट देकर पार्षद चुनती है, ऐसे में उन्हें डराना लोकतंत्र के लिए एक बड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां पैसे की जरूरत है, वहां पैसा और जहां दबाव की जरूरत है, वहां पुलिस-प्रशासन का इस्तेमाल हो रहा है। भरतपुर में एक व्यापारी निर्दलीय चुनाव लड़ रहा था। उसकी होटल के सामने बुलडोजर से नापजोख कराकर नामांकन वापस लेने का दबाव डाला गया। यह लोकतंत्र के लिए गलत है। बाबा साहब के संविधान में हर नागरिक को वोट का अधिकार मिला है और जनता के वोट का सम्मान होना चाहिए। ‘पुलिस के दम पर बोर्ड बनाना गलत’
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पुलिस का एक ही काम रह गया है, पार्षदों को पकड़ना। उन्होंने बताया कि उनके अलवर जिले में 15 दिन से एक नाबालिग बच्ची लापता है, लेकिन पुलिस उसे ढूंढने नहीं गई। वहीं, पार्षदों को पकड़ने के लिए 15 जगह छापे मारे गए हैं। जूली ने माना कि जोड़-तोड़ पहले भी होती थी, लेकिन पुलिस के दम पर बोर्ड बनाना गलत है। पार्षदों को अपनी इच्छा से निर्णय लेने का अधिकार है। जूली ने यह भी कहा कि सरकार बाड़ेबंदी और पुलिस के दुरुपयोग में लगी है। वहीं, अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं की मौत हो रही है। उन्होंने उदाहरण दिया कि दो दिन पहले बूंदी के जनाना अस्पताल में ऑपरेशन के बाद रेफर की गई दो गर्भवती महिलाओं की कोटा में मौत हो गई। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने वहां का दौरा तक नहीं किया।
इस मौके पर विधायक हरिमोहन शर्मा, सत्येश शर्मा, जिलाध्यक्ष महावीर मीणा और चर्मेश शर्मा भी मौजूद थे।

