आयुष विभाग की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रविवार को स्थानीय अंबेडकर पार्क में एक विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद’ विषय पर आयोजित इस शिविर में मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे लोगों के अलावा अधिवक्ताओं, व्यापारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और बैंककर्मियों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर का सफल आयोजन नगर चिकित्सा अधिकारी डॉ. शालिनी गंगवार के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक राजीव कुमार, अर्चना गुप्ता और अजय कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, स्कंदासन, त्रिकोणासन, वृक्षासन, मंडूकासन और वज्रासन समेत विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इसके साथ ही प्राणायाम के जरिए नियमित योगाभ्यास के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को निरोगी रखता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी बेहद सहायक है। योग को दिनचर्या में शामिल करने का लिया संकल्प क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहन कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा 11 से 23 सितंबर तक आयुर्वेद दिवस मनाया जा रहा है। इसी के तहत लोगों को आयुर्वेद और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए निरंतर जागरूक किया जा रहा है। शिविर में मौजूद लोगों ने योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास किया और इसे नियमित रूप से अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में डीपीएम प्रेम कुमार मौर्य ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

