2027 से पहले भाजपा ने प्रयागराज में उतारे 3 प्रभारी:प्रत्याशी चयन से लेकर संगठन के साथ चुनाव प्रबंधन तक में निभाएंगे अहम भूमिका

2027 से पहले भाजपा ने प्रयागराज में उतारे 3 प्रभारी:प्रत्याशी चयन से लेकर संगठन के साथ चुनाव प्रबंधन तक में निभाएंगे अहम भूमिका

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में भाजपा ने प्रयागराज के संगठन में तीन नए प्रभारियों की तैनाती की है। पार्टी ने महानगर, यमुनापार और गंगापार के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए हैं। महानगर की जिम्मेदारी राकेश त्रिवेदी, यमुनापार की अनिल सिंह और गंगापार की अशोक मिश्रा को दी गई है।
तीनों प्रभारी केवल संगठन की गतिविधियों की निगरानी तक सीमित नहीं रहेंगे। चुनावी तैयारी के दौरान संगठन को सक्रिय रखने, चुनाव प्रबंधन और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में फीडबैक देने में भी उनकी भूमिका अहम होगी। स्थानीय संगठन से मिलने वाली जानकारी और क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति का फीडबैक प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाना भी उनके काम का हिस्सा रहेगा।
सीधे प्रदेश नेतृत्व को देंगे रिपोर्ट
तीनों प्रभारियों की रिपोर्टिंग व्यवस्था भी महत्वपूर्ण है। राकेश त्रिवेदी, अनिल सिंह और अशोक मिश्रा सीधे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को रिपोर्ट करेंगे। यानी महानगर, यमुनापार और गंगापार की संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों का फीडबैक सीधे प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचेगा।
जिलाध्यक्ष अपनी जगह, प्रभारी की भूमिका अलग
प्रयागराज में महानगर, यमुनापार और गंगापार में पार्टी के जिलाध्यक्ष और स्थानीय संगठन पहले से काम कर रहे हैं। नए प्रभारी जिलाध्यक्षों का स्थान नहीं लेंगे। उनकी भूमिका प्रदेश नेतृत्व और स्थानीय संगठन के बीच समन्वय की होगी।
प्रभारी मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की स्थिति, पार्टी अभियानों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। जरूरत के मुताबिक स्थानीय संगठन से फीडबैक लेकर उसे प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। चुनाव प्रबंधन पर भी नजर
चुनाव नजदीक आने के साथ बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, मतदाता संपर्क अभियान और पार्टी के कार्यक्रमों की स्थिति की समीक्षा भी प्रभारियों के जिम्मे होगी। इस तरह तीनों क्षेत्रों में स्थानीय संगठन के कामकाज और प्रदेश की चुनावी रणनीति के बीच समन्वय की जिम्मेदारी इन नेताओं के पास रहेगी।
तीनों प्रभारियों का पुराना संगठनात्मक अनुभव
महानगर प्रभारी बनाए गए राकेश त्रिवेदी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं और मूल रूप से वाराणसी के रहने वाले हैं। अनिल सिंह मिर्जापुर के निवासी हैं और वहां जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह पहले यमुनापार के प्रभारी भी रह चुके हैं।
गंगापार के प्रभारी अशोक मिश्रा मूल रूप से सोनभद्र के रहने वाले हैं और वहां भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। तीनों नेताओं को संगठन में काम करने का अनुभव है, जिसका इस्तेमाल अब प्रयागराज में चुनावी तैयारियों के दौरान किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *