रतलाम के नामली में शनिवार रात तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पलटने के बाद कार में आग लग गई और कुछ देर बाद ब्लास्ट हो गया। कार में सवार पांचों लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे का पूरा घटनाक्रम फोरलेन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना शनिवार रात करीब 10.30 बजे नामली के पल्दूना फंटा के पास हुई। कार में सचिन सौंधिया, सोनरजीत पिता सुरेंद्र यादव, अनुपम केशरवानी पिता श्यामु केशरवानी, प्रिंस सिंह राजपूत पिता मनोज सिंह और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। सभी शाम करीब 7 बजे पीथमपुर से इको स्पोर्ट्स कार क्रमांक एमपी 09 सीपी 1145 से सांवरिया जी दर्शन के लिए निकले थे। कार सचिन चला रहा था। देखिए पांच तस्वीरें… स्पीड ब्रेकर देखकर ब्रेक लगाया, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां से पल्दूना जाने के लिए फोरलेन पर कट है। यहां तेज रफ्तार के कारण पहले भी हादसे होने की वजह से कट के दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार तेज गति से आ रही थी। स्पीड ब्रेकर सामने आने पर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार पलटियां खाते हुए सड़क पर जा गिरी और उसमें आग लग गई। हादसे के तुरंत बाद कार सवार पांचों लोग बाहर निकल आए। हादसा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही नामली थाना प्रभारी अमित कोरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पांचों को नामली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सभी को मामूली चोटें आई हैं। समय रहते बाहर निकल आए पांचों फोरलेन पर लगे सीसीटीवी में कार के बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराने और पलटने का घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है। टक्कर के बाद कार पलटती हुई दिखाई देती है। इसके बाद कार में आग लग जाती है। हादसे के बाद कार सवार पांचों लोग समय रहते बाहर निकल आए। नामली थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। कार सवारों से पूछताछ की जा रही है। पांचों लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

