Shimla में HPU गेट पर SFI और ABVP कार्यकर्ताओं में हिंसक भिड़ंत, 5 छात्र अरेस्ट

Shimla में HPU गेट पर SFI और ABVP कार्यकर्ताओं में हिंसक भिड़ंत, 5 छात्र अरेस्ट

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शनिवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद पांच छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय के द्वार के पास दोनों छात्र संगठनों के सदस्य कथित तौर पर आपस में भिड़ गए, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

एबीवीपी के कैंपस अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने आरोप लगाया कि एसएफआई कार्यकर्ताओं ने नए छात्रों का स्वागत करने के लिए द्वार के पास मौजूद एबीवीपी सदस्यों पर हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि एसएफआई के कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और उन्होंने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर हथियारों से हमला किया, जिससे उनके लगभग पांच कार्यकर्ता घायल हो गए। ठाकुर ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इस घटना में कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, एसएफआई ने इन आरोपों को खारिज करते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर उसके सदस्यों पर हमला करने का आरोप लगाया। संगठन ने आरोप लगाया कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम को एसएफआई के एक छात्र को रोका और उसे परेशान किया, तथा शनिवार को एसएफआई कार्यकर्ताओं पर हथियारों से हमला किया। एसएफआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिसर में छात्रों की पर्याप्त सुरक्षा की मांग की है।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *