झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र में ओजटु बाईपास पर 17 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे का CCTV फुटेज अब सामने आया है। फुटेज में तेज रफ्तार कार आगे चल रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मारती दिखाई दे रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार ओजटु बाईपास पर बाइक पर आदिल खान पुत्र अकरम और अख्तर पुत्र रज्जाक निवासी श्योराणो की ढाणी जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई HR नंबर की तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए। CCTV फुटेज में हादसे का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है। देखें हादसे की तस्वीरें… दोनों बाइक सवार गंभीर घायल हादसे में आदिल खान और अख्तर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार सवार बलराज पुत्र रामगोपाल को भी चोटें आईं। सूचना के बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। 108 चालक बंटी नूनिया और ईएमटी सतीश कुमार ने तीनों घायलों को चिड़ावा के राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. निर्मला चौधरी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर दोनों बाइक सवार युवकों को झुंझुनूं रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग हरियाणा की ओर से बगड़ की तरफ जा रहे थे। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।

