30 साल का एज गैप, परिवार की नाराजगी और फिर शादी, सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने बताया- मां ने पकड़ लिए थे पैर, फिर हुआ वायरल

30 साल का एज गैप, परिवार की नाराजगी और फिर शादी, सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने बताया- मां ने पकड़ लिए थे पैर, फिर हुआ वायरल

Suchitra Krishnamurti Viral Statement: एक्ट्रेस सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने फिल्ममेकर शेखर कपूर के साथ अपनी शादी और रिश्ते को लेकर एक बार फिर पुरानी यादें साझा की हैं। हालिया इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि जब परिवार को दोनों के बीच करीब 30 साल के उम्र के अंतर के बारे में पता चला था, तो उनकी मां ने इस रिश्ते को आगे न बढ़ाने के लिए उनसे काफी मिन्नत की थी। सुचित्रा ने याद किया कि उनकी मां ने उनके पैर पकड़कर तक कहा था, ‘प्लीज ऐसा मत करो।’

11वीं क्लास में पहली बार देखा था शेखर कपूर को

हाउटरफ्लाई के ‘द मेल फेमिनिस्ट’ से बातचीत में सुचित्रा ने बताया कि उन्होंने शेखर कपूर को पहली बार तब देखा था, जब वह 11वीं कक्षा में पढ़ती थीं। शेखर उनके कॉलेज में चीफ गेस्ट बनकर आए थे। उन्हें देखते ही सुचित्रा उनकी फैन हो गई थीं।

इसके बाद 18 साल की उम्र में फोटोग्राफर गौतम राजाध्यक्ष ने उन्हें एक ऐसी फिल्म के सिलसिले में शेखर कपूर से मिलने भेजा था, जो बाद में बन नहीं पाई। सुचित्रा के मुताबिक, मुलाकात के बाद शेखर उन्हें फोन करने लगे और बाहर मिलने के लिए बुलाते रहे। उस समय उनकी बहन भी इस रिश्ते को लेकर काफी नाराज रहती थीं।

मां ने पैर पकड़कर की थी रिश्ता आगे न बढ़ाने की अपील

सुचित्रा ने बताया कि उनके और शेखर कपूर के बीच उम्र का अंतर परिवार के लिए बड़ी चिंता का विषय था। अपनी मां की प्रतिक्रिया को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी मां ने उनके पैर पकड़कर उनसे रिश्ता आगे न बढ़ाने की गुहार लगाई थी।

एक्ट्रेस ने मां के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा कि दोनों के बीच अक्सर बहस होती थी, लेकिन उनकी मां ने उन्हें हमेशा मजबूती दी। सुचित्रा के मुताबिक, जब बाद में रिश्ते में चीजें ठीक नहीं रहीं, तब भी उनकी मां ने उनसे कहा कि उन्हें ऐसा कुछ भी सहने की जरूरत नहीं है, जिससे उनकी बेइज्जती हो।

1999 में हुई थी शादी

सुचित्रा कृष्णमूर्ति और शेखर कपूर ने 1999 में शादी की थी। शादी के बाद दोनों एक बेटी के माता-पिता बने, जिसका नाम कावेरी कपूर है। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल सका और दोनों 2007 में अलग हो गए।

सुचित्रा ने अपने रिश्ते के टूटने को लेकर पहले भी कई इंटरव्यू में बात की है। सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में उन्होंने शेखर कपूर पर शादी के दौरान उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया था।

शादी के पहले साल से ही अलग होने का विचार था

सुचित्रा ने यह भी बताया था कि उन्होंने शादी के पहले साल में ही रिश्ते को लेकर दोबारा सोचने की शुरुआत कर दी थी। उन्होंने कहा कि वह शादी छोड़ने के बारे में विचार कर रही थीं और इसी दौरान उन्हें बर्कले स्कूल ऑफ म्यूजिक से स्कॉलरशिप मिली थी। वह संगीत सीखना चाहती थीं।

हालांकि, जब उन्हें पता चला कि वह अपनी बेटी कावेरी के साथ प्रेग्नेंट हैं, तो उन्होंने कुछ समय के लिए अपने फैसले को टाल दिया। सुचित्रा के मुताबिक, वह बेटी के जन्म के बाद भी कुछ साल तक इस रिश्ते में रहीं, लेकिन बाद में उन्होंने अलग होने का फैसला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *