Apple iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की आज पहली सेल है। नए आईफोन को खरीदने के लिए लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद समेत कई शहरों में Apple स्टोर्स के बाहर लोग रातभर कतार में खड़े रहे। कई लोग पहले से प्री-बुकिंग कराकर पहुंचे थे जबकि कुछ लोग बिना बुकिंग के ही आईफोन खरीदने के लिए स्टोर के बाहर लाइन में लगे नजर आए।
दिल्ली में रातभर इंतजार करते रहे लोग
दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में Apple स्टोर के बाहर रात से ही लोगों की कतार लग गई थी। सुबह होते-होते यहां भीड़ और बढ़ गई। लाइन में खड़े अजय ने बताया कि वह iPhone 18 Pro Max 1TB खरीदने आए हैं। उन्होंने पहले ही फोन की प्री-बुकिंग करा ली थी और अब अपने स्लॉट का इंतजार कर रहे थे। अजय ने बताया कि फिलहाल वह iPhone 17 Pro इस्तेमाल कर रहे हैं और नए iPhone 18 Pro को लेकर उत्साहित हैं।
कई शहरों में ऐपल स्टोर के बाहर भीड़
दिल्ली के अलावा मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों में भी ऐपल स्टोर्स के बाहर लोगों की भीड़ देखने को मिली। नए आईफोन को लेकर लोगों में काफी उत्साह नजर आया। प्री-बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को कंपनी की ओर से एक टाइम स्लॉट दिया गया है। वहीं, कई लोग बिना बुकिंग के भी स्टोर पहुंचे हैं और फोन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं।
iPhone 18 Pro की कीमत
iPhone 18 Pro का 256GB वेरिएंट 1,64,999 रुपये में आता है। इसके 512GB मॉडल की कीमत 1,89,900 रुपये है। वहीं, 1TB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 2,39,900 रुपये है। टॉप मॉडल में 2TB स्टोरेज मिलती है और इसकी कीमत 3,14,900 रुपये है।
iPhone 18 Pro Max की कीमत
iPhone 18 Pro Max के 256GB मॉडल की कीमत 1,79,900 रुपये है। 512GB मॉडल के लिए 2,04,900 रुपये खर्च करने होंगे। इसके 1TB मॉडल की कीमत 2,54,900 रुपये है। वहीं, 2TB स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत 3,29,900 रुपये है।दोनों मॉडल ब्लैक, सिल्वर, ग्लेसियर और बरगंडी कलर में उपलब्ध हैं।
iPhone 18 Pro सीरीज पर ऑफर
पहली सेल में iPhone 18 Pro सीरीज पर 7,000 रुपये तक का बैंक ऑफर दिया जा रहा है। यह ऑफर चुनिंदा बैंक कार्ड पर लागू है। इसके अलावा ग्राहकों को नो-कॉस्ट ईएमआई का विकल्प भी मिल रहा है।

