कानपुर के बिधनू में तेज रफ्तार इनोवा ने ऑटो में टक्कर मार दी थी। हादसे में ऑटो सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका हैलट में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान बुधवार देर रात पत्नी खुशनुमा (48) की मौत हो गई। पति की हालत में सुधार होने पर उन्हें दो दिन पहले अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। महिला की मौत के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। मेडिकल की तैयारी कर रही बेटी से मिलकर लौट रहे थे सेन पश्चिम पारा के करौली गांव निवासी इसरार अहमद प्राइवेट कर्मी हैं। परिवार में पत्नी खुशनुमा और बेटियां फिरोजान, निदा व रकीब हैं। इसरार ने बताया कि 13 सितंबर को वह पत्नी के साथ कल्याणपुर में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रही बेटी फिरोजान से मिलने गए थे। अगले दिन दोपहर दोनों ऑटो बुक कर कल्याणपुर से सेन पश्चिम पारा स्थित घर लौट रहे थे। बिधनू के कठेरुआ क्रॉसिंग के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो के परखच्चे उड़े, चालक फरार हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसरार और खुशनुमा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों के पहुंचने से पहले ही कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने 112 नंबर पर सूचना दी। बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सीएचसी भेजा। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पति की हालत सुधरी, पत्नी ने तोड़ा दम हैलट में इलाज के दौरान इसरार की हालत में सुधार हुआ तो उन्हें दो दिन पहले छुट्टी दे दी गई। वहीं खुशनुमा की हालत गंभीर बनी रही और बुधवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिधनू थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की इलाज के दौरान मौत हुई है। तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कार चालक की तलाश की जा रही है और जल्द उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

