गोरखपुर में उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ संबद्ध भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर 17 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, संगठन द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के द्वितीय चरण के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया और निगम हित के साथ कर्मचारी हित से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग की। क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने कर्मचारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संघ की 17 सूत्रीय मांगें निगम और कर्मचारियों के हित से जुड़ी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञापन को प्रबल संस्तुति के साथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को भेजा जाएगा। धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद नायक ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय मंत्री वीरेंद्र विक्रम सिंह ने किया। इस दौरान चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, ओम प्रकाश आर्या, अमिय श्रीवास्तव, अमित कुमार यादव, जय प्रकाश शाही, धनंजय मिश्रा, अमरनाथ पांडेय, विपिन कुमार गौड़, सत्यदेव मिश्रा, मुन्ना यादव, रामवृक्ष विश्वकर्मा, आदर्श यादव, धर्मेंद्र सैनी, अंकित कुमार सिंह, भानु गुप्ता समेत बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

