इटावा। नोएडा से मां और रिश्तेदार के साथ गांव लौट रहे 15 वर्षीय किशोर की बुधवार को रोडवेज बस में अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। किशोर को पिछले चार-पांच दिन से बुखार आ रहा था और नोएडा में उसका इलाज चल रहा था। पिता के साथ नोएडा में रहता था औरैया के कुदरकोट थाना क्षेत्र के नूराबाद निवासी कार्तिक(15) पुत्र अरविंद अपने पिता के साथ नोएडा में रह रहा था। उसके पिता वहां एक फैक्ट्री में काम करते हैं। स्वजन के अनुसार, कार्तिक को चार-पांच दिन से बुखार था। नोएडा में उसका उपचार कराया जा रहा था।
गांव लौटते समय बिगड़ी हालत बुधवार को कार्तिक की मां और रिश्तेदार वीरेंद्र सिंह उसे आगे के इलाज के लिए रोडवेज बस से गांव लेकर जा रहे थे। बस इटावा में एसएसपी चौराहे के पास पहुंची, तभी अचानक कार्तिक की हालत बिगड़ गई। उसकी हालत देखकर साथ मौजूद स्वजन घबरा गए और उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने कार्तिक की जांच की। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की जानकारी मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

