सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट फेक करेंसी केस में NIA ने की मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी

सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट फेक करेंसी केस में NIA ने की मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उत्तर प्रदेश में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के ‘करेंसी चेस्ट’ में जाली नोट मिलने के मामले में शामिल एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सहारनपुर जिले के मानक मऊ निवासी आदेश चौधरी के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि चौधरी सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के ‘करेंसी चेस्ट’ में बतौर संविदा चालक के रूप में काम करता था। एनआईए की ओर से जारी बयान के अनुसार, 29 अगस्त को सहारनपुर के सदर बाजार थाने को स्थानीय पीएनबी शाखा के ‘करेंसी चेस्ट’ से 17.29 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के जाली भारतीय नोट बरामद होने की सूचना मिली थी। बयान में बताया गया कि जांच के दौरान बैंक के तीन कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई और बैंक ने उन्हें निलंबित कर दिया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ सदर बाजार थाने में दर्ज मामले को एनआईए ने तीन सितंबर को फिर से दर्ज किया। एनआईए ने सात सितंबर को इन तीनों में से एक आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार किया। एनआईए ने बताया कि पूरी साजिश का पता लगाने और बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *