उन्नाव में लापता युवक का शव पेड़ से लटका मिला:पुलिस जांच में जुटी, परिजनों को विवाद की जानकारी नहीं

उन्नाव में लापता युवक का शव पेड़ से लटका मिला:पुलिस जांच में जुटी, परिजनों को विवाद की जानकारी नहीं

उन्नाव के सफीपुर कोतवाली इलाके के जगदीश खेड़ा गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। 23 साल का सूरज मंगलवार दोपहर से लापता था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। जगदीश खेड़ा निवासी सूरज पुत्र मिट्ठू लाल मंगलवार दोपहर खाना खाने के बाद घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की, लेकिन सूरज का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह सूरज का बड़ा भाई काशी प्रसाद गांव के बाहर खेतों की तरफ गया था। इसी दौरान गांव निवासी अजय पाल की बाग में आम के पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे सूरज का शव लटका दिखाई दिया। काशी प्रसाद ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सफीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। पुलिस ने परिजनों से युवक के बारे में जानकारी ली, लेकिन परिवार की ओर से किसी तरह की परेशानी या विवाद की बात सामने नहीं आई। मोबाइल की डिटेल भी खंगालने की तैयारी पुलिस के मुताबिक, युवक की मौत का कारण अभी साफ नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से जानकारी लेने के साथ ही युवक के मोबाइल की डिटेल भी खंगालने की तैयारी कर रही है। परिजनों ने बताया कि सूरज मजदूरी करने के साथ-साथ पिता के खेती के काम में भी हाथ बंटाता था। वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई काशी प्रसाद शादीशुदा है और अपने परिवार के साथ रहता है, जबकि उससे छोटा भाई मायाराम दूसरे राज्य में मजदूरी करता है। मां मिठाना ने बताया कि सूरज को कोई परेशानी नहीं थी। वह सामान्य था और मंगलवार को भी रोज की तरह घर से निकला था। अधिकांश समय वह मोहल्ले में ही रहता था, लेकिन शाम के बाद उसका पता नहीं चला। इतनी बड़ी घटना किस वजह से हुई, यह परिवार की समझ से बाहर है। कोतवाल संदीप मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। तथ्यों के आधार पर जानकारी परिजनों की ओर से अभी मौत के कारण को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। युवक के मोबाइल की डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर जानकारी जुटाई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और कारण के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *