भीम आर्मी चीफ, आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा सीट से सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद पर बाराबंकी में हुए हमले के विरोध में बुधवार को भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने घटना पर रोष जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाने का ऐलान किया है। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष चतर सिंह जाटव ने बताया कि बुधवार सुबह 11 बजे कार्यकर्ता कमिश्नरी पार्क में जुटेंगे। यहां से कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालेंगे। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले की घटना पर विरोध दर्ज कराया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि पर इस तरह का हमला गंभीर मामला है। प्रदर्शन के दौरान घटना की निष्पक्ष जांच कराने और हमले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है। 48 घंटे का दिया गया था अल्टीमेटम
चतर सिंह जाटव ने कहा कि बाराबंकी में जो कुछ हुआ वह कई सवाल खड़े कर रहा है। चंद्रशेखर आजाद को गृह मंत्रालय की तरफ से सुरक्षा दी गई है इसके बावजूद बाराबंकी पुलिस ने उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर पूरी लापरवाही बरती। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जैसे प्रशासन ने ही हमलावरों को खुली छूट दे रखी थी।

