आगरा में विश्वेश्वरैया जयंती पर अभियंता दिवस मनाया:वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता का मंत्र दिया

आगरा में विश्वेश्वरैया जयंती पर अभियंता दिवस मनाया:वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता का मंत्र दिया

आगरा में दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) के टेक्निकल कॉलेज सभागार में सोमवार को भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष्य में अभियंता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान प्रार्थना से हुई। फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग के डीन प्रो. डीके चतुर्वेदी ने अभियंता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्टता, नवाचार और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। कार्यवाहक प्राचार्य मेजर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। उद्यमिता के सफर से विद्यार्थियों को किया प्रेरित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीईआई टेक्निकल कॉलेज के वर्ष 1983 बैच के पूर्व छात्र और मेसर्स जेएल ऑटो पार्ट्स, फरीदाबाद के सीईओ जयंत सहगल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपना उद्यमशीलता का सफर साझा किया। बताया कि 1987 में करीब 6,500 रुपए के शुरुआती निवेश से शुरू हुआ उनका उद्यम आज करीब 500 करोड़ रुपए के वार्षिक कारोबार वाली औद्योगिक इकाई बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार तलाशने के साथ रोजगार सृजक बनने, नवाचार अपनाने और तकनीकी दक्षता विकसित करने का आह्वान किया। डीईआई निदेशक प्रो. सी. पाटवर्धन ने व्यावहारिक प्रशिक्षण, कौशल विकास और आधुनिक तकनीक के अनुरूप निरंतर सीखने पर जोर दिया। 28 विद्यार्थियों को पुरस्कार, सीएनसी मशीन का उद्घाटन डॉ. मुकेश कुमार के संयोजन में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 28 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार दिए गए। उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए टेक्निकल कॉलेज की मशीन वर्कशॉप में स्थापित एलएमडब्ल्यू मेक की अत्याधुनिक सीएनसी मशीन का उद्घाटन मुख्य अतिथि जयंत सहगल ने किया। इससे विद्यार्थियों को सीएनसी प्रोग्रामिंग, प्रिसीजन मशीनिंग और आधुनिक विनिर्माण प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। कार्यक्रम का समापन डॉ. जेके अरोड़ा के धन्यवाद ज्ञापन और संस्थान गीत के साथ हुआ।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *