उन्नाव के जाजमऊ पुराने गंगा पुल की मरम्मत के लिए 13 से 15 सितंबर तक भारी वाहनों के रूट डायवर्जन का ट्रायल सफल रहा। तीन दिन के ट्रायल के दौरान कहीं जाम या यातायात संबंधी बड़ी परेशानी नहीं हुई। इसके बाद उन्नाव प्रशासन ने डायवर्जन व्यवस्था को अगले तीन महीने तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। अब एनएचएआई इसी व्यवस्था के तहत पुल की मरम्मत कराएगा। बुधवार शाम से मरम्मत का काम शुरू होने की संभावना है। डीएम-एसपी ने व्यवस्था का लिया जायजा डीएम घनश्याम मीना और एसपी ने रूट डायवर्जन व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए दो नए रास्तों को भी डायवर्जन प्लान में शामिल किया गया है। एनएचएआई को दोनों नए रास्तों पर भारी और हल्के वाहनों के लिए पर्याप्त संकेतक और ब्लिंकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को रास्ते को लेकर परेशानी न हो। मरहला चौराहे से ट्रांसगंगा सिटी होकर जा सकेंगे वाहन मरहला चौराहा और सरैंया रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए नया रास्ता तय किया गया है। अब मरहला चौराहे से वाहन सरैंया रेलवे क्रॉसिंग गए बिना ट्रांसगंगा सिटी होते हुए गेट नंबर-3 से निकलकर गंगा बैराज की ओर जा सकेंगे। करीब 4 मीटर चौड़ी इस सड़क से हल्के वाहन और जरूरत पड़ने पर भारी वाहन भी निकाले जा सकेंगे।
गदनखेड़ा से बक्सर गंगा पुल तक भी वैकल्पिक रास्ता गदनखेड़ा से डायवर्ट किए जाने वाले भारी वाहन अपनी सुविधा के अनुसार दही चौकी से पुरवा, तकिया पाटन और बिहार होते हुए बक्सर गंगा पुल की ओर जा सकेंगे। इसी रास्ते से रायबरेली होते हुए लालगंज के गेंगासो गंगा पुल के रास्ते फतेहपुर की ओर भी वाहन जा सकेंगे।
शटरिंग और जैक का काम पहले ही पूरा एनएचएआई के मुताबिक, पुल की मरम्मत से जुड़ी तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। पुल पर शटरिंग और जैक लगाए जा चुके हैं। हालांकि, डायवर्जन के ट्रायल के चलते मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया था। अब प्रशासन से तीन महीने के लिए डायवर्जन की अनुमति मिलने के बाद पुल की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। डीएम बोले- ट्रायल में नहीं लगा जाम डीएम घनश्याम मीना ने बताया कि तीन दिन का ट्रैफिक डायवर्जन ट्रायल सफल रहा। इस दौरान कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी। इसी वजह से डायवर्जन व्यवस्था को आगे तीन महीने तक जारी रखने की अनुमति दी गई है। तीन महीने तक इसी प्लान के तहत पुल की मरम्मत होगी। हल्के वाहन कानपुर की तरफ से उन्नाव और लखनऊ के बीच आवाजाही करते रहेंगे।

