चित्रकूट धाम बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा:15.17 किमी लंबा छह लेन लिंक एक्सप्रेसवे बनाने के लिए मिली कैबिनेट की मंजूरी

चित्रकूट धाम बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा:15.17 किमी लंबा छह लेन लिंक एक्सप्रेसवे बनाने के लिए मिली कैबिनेट की मंजूरी

चित्रकूट धाम को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। प्रदेश कैबिनेट ने 15.17 किलोमीटर लंबे छह लेन के चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के संशोधित प्रस्ताव को हरी झंडी दी है। इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को बनाने में करीब 1008.67 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। यह लिंक एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के शुरुआती पॉइंट से चित्रकूट धाम तक बनेगा। इससे चित्रकूट धाम की बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से सीधी और अच्छी कनेक्टिविटी हो जाएगी। इस प्रोजेक्ट का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। एक्सप्रेसवे बनाने के लिए निर्माण एजेंसी का चुनाव ग्लोबल टेंडर के जरिए किया जाएगा। स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद चित्रकूट देश के खास धार्मिक और पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां रामघाट, कामदगिरि, गुप्त गोदावरी और हनुमान धारा जैसे कई धार्मिक जगहों पर सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। अमावस्या, दीपावली और रामनवमी जैसे बड़े त्योहारों पर श्रद्धालुओं की भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। अभी चित्रकूट पहुंचने के लिए यात्रियों को अलग-अलग रास्तों से जाना पड़ता है। लिंक एक्सप्रेसवे बनने से यात्रा आसान होगी और समय भी बचेगा। छह लेन का यह एक्सप्रेसवे बनने से चित्रकूट की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे बुंदेलखंड इलाके के साथ-साथ प्रदेश के दूसरे हिस्सों से आने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। अच्छी कनेक्टिविटी से चित्रकूट में धार्मिक पर्यटन, होटल, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट को चित्रकूट धाम के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *