रेवाड़ी शहर के मोहल्ला हंस नगर में 5 जुलाई को PNG पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद हुए भीषण ब्लास्ट और दो लोगों की मौत के मामले में रेवाड़ी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने IGL कंपनी की सहयोगी कंपनी ‘रेजोनेंस’ में प्रोजेक्ट मैनेजर कंसलटेंट के पद पर तैनात अंकित कुमार त्रिवेदी निवासी गांव फतेहपुर, जिला लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। 5 जुलाई को गैस रिसाव के बाद हुआ था जोरदार ब्लास्ट पुलिस जांच के अनुसार, हंस नगर निवासी पीड़िता मधु ने शिकायत में बताया था कि 5 जुलाई को PNG पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान उनके घर के पास गैस एकत्रित हो गई थी। हादसे से कुछ समय पहले उनके पति सतबीर सिंह ने गैस की दुर्गंध महसूस की थी। इसी दौरान उनकी बेटी तन्नू कपड़े प्रेस करने के लिए बिजली का स्विच ऑन करने लगी। स्विच ऑन करते ही अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया और घर में आग फैल गई। हादसे में सतबीर सिंह, उनकी बेटी तन्नू, पड़ोसी जयभगवान और दो वर्षीय भतीजी खुशी गंभीर रूप से झुलस गए थे। आग बुझाने के प्रयास में पीड़िता मधु के हाथ भी झुलस गए थे। इलाज के दौरान पिता-पुत्री की मौत गंभीर रूप से झुलसे सतबीर सिंह और उनकी बेटी तन्नू को उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 9 जुलाई को तन्नू और 11 जुलाई को सतबीर सिंह की मौत हो गई। पीड़िता ने हादसे के लिए IGL कंपनी के कर्मचारियों की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर थाना मॉडल टाउन रेवाड़ी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पहले तीन आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने जांच की जिम्मेदारी थाना सदर रेवाड़ी के प्रबंधक PSI राकेश कुमार को सौंपी थी। पुलिस जांच में हादसे का कारण PNG गैस का रिसाव सामने आया। इसके बाद पुलिस ने IGL का ठेका लेने वाली कंपनी ‘डीएससी ट्रेडर्स’ के प्रोजेक्ट मैनेजर राहुल निवासी वार्ड नंबर-8, धारूहेड़ा, सुपरवाइजर रंजीत निवासी गांव काठूवास तथा IGL की सहयोगी कंपनी ‘रेजोनेंस’ के RCM संदीप कुमार निवासी गोविंदपुरी, मोदीनगर, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया था। प्रोजेक्ट मैनेजर कंसलटेंट गिरफ्तार अब मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए PSI राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने अंकित कुमार त्रिवेदी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, त्रिवेदी रेजोनेंस कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर कंसलटेंट के पद पर तैनात था और मामले में उसकी संलिप्तता एवं कथित लापरवाही की जांच की जा रही है।

