शाहजहांपुर में रोडवेज-अड्डे के पास नेपाली व्यक्ति का शव मिला:जेब से नेपाली नागरिकता कार्ड और 5 हजार रुपए मिले, हाथ के नीचे पड़े थे चने

शाहजहांपुर में रोडवेज-अड्डे के पास नेपाली व्यक्ति का शव मिला:जेब से नेपाली नागरिकता कार्ड और 5 हजार रुपए मिले, हाथ के नीचे पड़े थे चने

शाहजहांपुर में मंगलवार शाम 6 बजे रोडवेज अड्डे के पास एक नेपाली व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जब उसके कपड़ों की तलाशी ली, तो उसकी जेब से पांच हजार रुपए भारतीय मुद्रा में मिले, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। उसके पास से एक नेपाली नागरिकता का कार्ड भी मिला है। दरअसल, यह घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र की है। रोडवेज बस अड्डे के पास सड़क किनारे सीमेंट के बड़े-बड़े पाइप रखे थे। उसी पाइप के पास वह व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसके हाथ गंदे थे और हाथ के नीचे चनों की पॉलीथीन पड़ी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे आवाज दी, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद एंबुलेंस बुलाई गई और उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पहचान पत्र के अनुसार, मृतक का नाम नेने है, जो नेपाल के कैलानी जिले के अचाम का रहने वाला था। हालांकि, नागरिकता कार्ड थोड़ा धुंधला है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। पहचान पत्र के आधार पर नेपाल में उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि व्यक्ति शाहजहांपुर में कहां रहता था और वह उस जगह तक कैसे पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *