फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बाइक चोर और चोरी की मोटरसाइकिलों के पार्ट्स खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने पूछताछ में करीब 20 मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात कबूल की है। उसके पास से तीन चोरी की बाइक बरामद की गई हैं। मंगलवार को एसपी आरती सिंह ने मामले का खुलासा किया। चेकिंग के दौरान खुला बाइक चोरी का मामला एसपी के मुताबिक, सोमवार को कादरी गेट थाने की चीता मोबाइल टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को बाइक चोरी और उनके पार्ट्स बेचने से जुड़े मामले की जानकारी मिली। गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान अवनीश कुमार उर्फ आयुष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथ मोहम्मद कासिम नाम के एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कासिम चोरी की मोटरसाइकिलों के स्पेयर पार्ट्स खरीदता था। तीन चोरी की बाइक समेत अन्य सामान बरामद पुलिस ने अवनीश के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा 12 खुली हुई मोटरसाइकिलें, एक तमंचा और बाइक खोलने में इस्तेमाल होने वाले कई औजार भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को खोलकर उनके पुर्जे अलग-अलग कर देता था और उन्हें कबाड़ी को बेचता था। पूछताछ में उसने करीब 20 बाइक चोरी करने की बात बताई है। मुख्य आरोपी पर पहले भी दर्ज है केस पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अवनीश कुमार उर्फ आयुष के खिलाफ पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों और उनके पार्ट्स के संबंध में जांच कर रही है तथा अन्य चोरी की घटनाओं से इनके तार जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

