50 लाख की MDMA ड्रग्स के साथ 2 विदेशी पकड़े:तस्करी करते थे, पुलिस ने केस दर्ज कर कोर्ट में किया पेश

50 लाख की MDMA ड्रग्स के साथ 2 विदेशी पकड़े:तस्करी करते थे, पुलिस ने केस दर्ज कर कोर्ट में किया पेश

ग्रेटर नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने ड्रग्स तस्करी करने वाले दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 600 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही, 1 लाख 19 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। मंगलवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने सोमवार रात को तिलपता चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान इन आरोपियों को पकड़ा। गोलचक्कर के पास दो संदिग्ध विदेशी नागरिक एक ऑटो से उतरकर तेजी से जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका तो वे घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से 300-300 ग्राम के दो पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 600 ग्राम MDMA ड्रग्स था। इसके अलावा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो पासपोर्ट, दो प्लास्टिक पॉलीथिन पैकेट, दो मोबाइल फोन, 1 लाख 19 हजार रुपये नकद और दो बैग भी बरामद किए गए। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 50 लाख रुपये है। आरोपियों की पहचान पीटर (47) और माइकल (56) के रूप में हुई है। पीटर व माइकल दोनों वेस्ट अफ्रीका के निवासी है। दोनों ग्रेटर नोएडा की पाईन टावर 1517 पैरामाउंट सोसायटी में रहते थे। सूरजपुर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे ड्रग्स की तस्करी करते थे। बरामद हुए पैसे उन्होंने ड्रग्स बेचकर कमाए थे। ये लोग ड्रग्स बाहर से लाकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सप्लाई करते थे। पुलिस उनसे ड्रग्स के नेटवर्क के बारे में और जानकारी जुटा रही है। साथ ही, उनकी एंबेसी को भी इस बारे में सूचना दे दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *