Rahul Gandhi के इंदौर कार्यक्रम के लिए IDA ने 12 हजार वर्ग मीटर जमीन की आवंटित

Rahul Gandhi के इंदौर कार्यक्रम के लिए IDA ने 12 हजार वर्ग मीटर जमीन की आवंटित

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों के बीच मध्यप्रदेश सरकार के एक निकाय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन के लिए मंगलवार को अस्थायी लीज पर 12,000 वर्ग मीटर जमीन आवंटित की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) द्वारा जारी पत्र के अनुसार इस कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने स्थित भूमि 17 से 19 सितंबर तक उपलब्ध कराई गई है।

आईडीए ने पत्र में स्पष्ट किया कि आयोजन स्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था आयोजक को स्वयं करनी होगी तथा संबंधित विभागों से कार्यक्रम के लिए जरूरी अनुमतियां भी प्राप्त करनी होंगी। कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने करीब 12,000 वर्ग मीटर में फैले मैदान की तीन दिन की अस्थायी लीज के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के खाते में 10.08 लाख रुपये जमा कराए थे। प्रदेश कांग्रेस समिति के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम की मंजूरी की राह में स्थानीय प्रशासन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर शुरुआत से रोड़े अटका रहा है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा,‘‘इस कार्यक्रम के लिए हमें जमीन की मंजूरी जैसे-तैसे दी गई है। आपने कभी सुना है कि इंदौर में किसी नेता के कार्यक्रम के लिए जमीन आवंटित करने के बदले 10 लाख रुपये का शुल्क लिया गया हो?’’
नायक ने दावा किया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए लगभग दो लाख विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। उधर, कांग्रेस के आरोपों को राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सिरे से खारिज किया।

विजयवर्गीय ने कहा कि कार्यक्रमों के आयोजन को मंजूरी देने या नहीं देने का फैसला प्रशासन करता है और इसका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस ने पहले जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में गांधी का कार्यक्रम 12 सितंबर को आयोजित करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक पुराने आदेश के तहत यह स्टेडियम सिर्फ खेलकूद या राज्यस्तरीय शासकीय आयोजनों के लिए ही दिया जा सकता है। कांग्रेस ने इसके बाद आयोजन की तारीख आगे बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी थी और रीजनल पार्क के सामने स्थित जमीन के लिए आवेदन किया था।

‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष द्वारा शुरू किया गया विद्यार्थी-संवाद अभियान है जिसके जरिये वह प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी की अगुवाई में अब तक कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के चार संस्करण आयोजित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *