लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह घर छोड़कर लिवइन पार्टनर के साथ रहता था। परिजनों ने लिवइन पार्टनर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हंसखेड़ा पारा निवासी सुनील कुमार मौर्य उर्फ गोलू (25) ई-रिक्शा चलाता था। परिवार में मां बिट्टू, एक भाई अनिल और दो बहने हैं, जबकि पिता भगौती प्रसाद की मौत हो चुकी है। भाई अनिल ने बताया करीब 8 साल पहले एक महिला अपने 10 साल के बेटे के साथ मोहल्ले में रहने आई थी। इस दौरान भाई सुनील की उससे दोस्ती हो गई। कुछ दिन बाद सुनील उसके साथ में रहने लगा।
इसके बाद कभी-कभार घर आता था। वह महिला उसे परिवार से मिलने भी नहीं देती थी। अगर घर आए तो बवाल करती थी और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। जिसको लेकर काफी परेशान रहने लगा था। 12 सितंबर को घर से निकला था उसके बाद से कुछ पता नहीं चला। पुलिस से पता चला रेलवे लाइन पर मिला शव 14 सितंबर को पुलिस से एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद मोर्चरी पहुंचकर उसके शव शिनाख्त की। पुलिस से पता चला 13-14 सितंबर की रात आलमनगर काकोरी रेलवे क्रॉसिंग पर बॉडी मिली थी। बॉडी काफी क्षत विक्षत है। ऐसा लग रहा है उसके मुंह को पहले कूचा गया है फिर फेंका गया है। उसके साथ रहने वाली महिला की जांच होनी चाहिए।
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह का कहना है प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार जिस महिला पर आरोप लगा रहा है उसी ने शव की पहचान की है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

