शाहजहांपुर में मंगलवार शाम 4 बजे पिता के सामने हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक बेटे की मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 साल के मानवेंद्र के रूप में हुई है। मानवेंद्र अपने पिता के साथ पुवायां क्षेत्र में मजदूरी करने आया था। मिक्सर मशीन पर चढ़ते ही वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और जमीन पर गिर गया। पिता तुरंत बेटे को बाइक पर बैठाकर अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मानवेंद्र 12वीं कक्षा में पढ़ता था और पढ़ाई के साथ-साथ पिता का हाथ बंटाने के लिए मजदूरी भी करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मानवेंद्र सिंधौली थाना क्षेत्र के सिसैया गांव का रहने वाला था। वह मंगलवार सुबह अपने पिता भानू प्रताप के साथ पुवायां थाना क्षेत्र के लखनापुर गांव में लिंटर डालने गया था। वहां अन्य मजदूर भी काम कर रहे थे। लिंटर के लिए मसाला बनाने को मिक्सर मशीन मंगाई गई थी। मानवेंद्र किसी काम से मिक्सर मशीन पर चढ़ा और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर गया। यह पूरा हादसा उसके पिता की आंखों के सामने हुआ। पिता तुरंत बेटे को बाइक पर बैठाकर पुवायां सीएचसी लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया यह मिक्सर मशीन सिसैया गांव के रजनीश की थी, जिसे वह चार दिन पहले ही खरीदकर लाए थे। मृतक की मां सुशीला देवी, पिता भानू प्रताप और छोटे भाई अनितेष इस घटना से सदमे में हैं। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुवायां इंस्पेक्टर क्राइम राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अस्पताल से मेमो के जरिए उन्हें जानकारी मिली थी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

