शाजापुर जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे-52 पर रोजवास टोल के पास दो ट्रक चालकों का खतरनाक स्टंट सामने आया है। दोनों ट्रक तेज रफ्तार में एक-दूसरे के आगे-पीछे चलते हुए हाईवे पर लापरवाही से वाहन चलाते नजर आए। इसका वीडियो दो दिन बाद आज मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंदौर जाते दंपती ने बनाया वीडियो बताया जा रहा है कि वीडियो दो दिन पहले का है। इसे कार में सवार एक दंपती ने बनाया था। दंपती अपनी कार से इंदौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार के आगे चल रहे दोनों ट्रकों के चालक खतरनाक तरीके से वाहन चलाते दिखाई दिए। वीडियो में कार सवार महिला की आवाज भी रिकॉर्ड हुई है। वह ट्रकों को इस तरह चलते देखकर कहती सुनाई दे रही है, “ये किसी को भी अपनी चपेट में ले लेंगे।” महिला की आशंका कुछ ही देर बाद सही होती दिखाई दी। दो बाइक ट्रक की चपेट में आईं वीडियो में एक ट्रक की चपेट में दो मोटरसाइकिलें आती दिखाई दे रही हैं। हालांकि बाइक सवारों को कितना नुकसान हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और उनके बीच चल रहा खतरनाक खेल साफ दिखाई दे रहा है। हाईवे पर हर समय रहता है हादसे का खतरा नेशनल हाईवे-52 पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में भारी वाहनों के चालकों द्वारा इस तरह लापरवाही से वाहन चलाना दूसरे वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। तेज रफ्तार ट्रकों से बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। निगरानी और कार्रवाई पर उठे सवाल वायरल वीडियो सामने आने के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे चालकों की पहचान कर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि सड़क पर सफर करने वाले दूसरे लोगों की जान खतरे में न पड़े।

