संभल के पवांसा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बबैना में श्री काल सेन बाबा महाकाल मंदिर सेवा समिति की ओर से मंगलवार की सुबह गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश प्रतिमा स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सोनी ने फीता काटकर किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमा के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं। श्रद्धालु पूरे रास्ते ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते रहे, जिससे गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। देहरादून से आए पंडित शिव ओम शुक्ला ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान गणेश का पूजन कराया। इसके बाद गणेश प्रतिमा की स्थापना कर आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर गणेश प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि गणेश चतुर्थी पर प्रतिवर्ष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दौरान ब्रह्मानंद महाराज, सिप्पटर्ट सिंह, मास्टर जगदीश सिंह, धर्म जागरण के जिला प्रचारक सुभाष सिंह राघव, प्रवीण कुमार, रजत विक्रांत सिंह, शिवम राघव, मास्टर सीताराम, पदम सिंह, धर्मेंद्र, सुनील, मोतीराम, बलवीर सिंह, जयप्रकाश, अमित पवार, डालचंद, अशोक, पापलेश, यशपाल, सरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

