Rajasthan : राजस्थान में राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनाव में चार नगरीय निकायों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए हैं। आयोग के अनुसार आयोग की ओर से गत 19 अगस्त को नगरीय निकाय आम चुनाव, अगस्त-सितंबर 2026 का कार्यक्रम जारी किया गया था। मतगणना के दौरान नगर निगम जोधपुर, नगर निगम कोटा, नगर निगम जयपुर एवं नगरपालिका सुकेत के कुछ बूथों के परिणाम इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी के कारण जारी नहीं हो पाए हैं। ऐसे में इन नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम पूर्ण रूप से घोषित नहीं हो पाए हैं। परिणाम घोषित नहीं होने की स्थिति में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव निर्धारित तिथियों पर कराया जाना संभव नहीं है।
इसलिए आयोग के निर्देशानुसार नगर निगम जोधपुर, नगर निगम कोटा, नगर निगम जयपुर एवं नगरपालिका सुकेत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित किए गए हैं। आयोग द्वारा इन चुनावों के संबंध में आगामी आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।

यहां होगा पुनर्मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर, जोधपुर, कोटा एवं सुकेत में मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। आयोग के अनुसार, नगर निगम जोधपुर के वार्ड संख्या 50 के बूथ संख्या 338, नगर निगम कोटा के वार्ड संख्या 87 के बूथ संख्या 99, वार्ड संख्या 44 के बूथ संख्या 448, वार्ड संख्या 11 के बूथ संख्या 576 तथा नगरपालिका सुकेत के वार्ड संख्या 04 के बूथ संख्या 05 पर पुनर्मतदान कराया जाएगा।
आयोग को इन मतदान केंद्रों पर मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों का परीक्षण करने के बाद आयोग ने पाया कि इन मतदान केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित मतों की संख्या, निकटतम प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के बीच मतों के अंतर से अधिक है। इसे देखते हुए आयोग ने पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया है।
जयपुर में होगा 16 सितम्बर को पुनर्मतदान
राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के जारी निर्देशों के अनुसार नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 09 के बूथ संख्या 111, वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 235, वार्ड संख्या 25 के बूथ संख्या 343 तथा वार्ड संख्या 34 के बूथ संख्या 477 एवं 484 पर पुनर्मतदान (फ्रेश पोल) कराया जाएगा। इन मतदान केन्द्रों पर 16 सितम्बर, 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक पुनर्मतदान होगा।
सिर्फ 9 वार्डों के परिणाम का इंतजार
आयोग की ओर से जारी अधिकृत आंकड़ों के अनुसार, 309 नगर निकायों के कुल 10,244 वार्डों में से 10,235 वार्डों के परिणाम जारी हो चुके हैं। इनमें से भाजपा ने 4,179, कांग्रेस ने 3,613, आम आदमी पार्टी ने 42, बीएपी ने 8, बीएसपी ने 19, सीपीआईएम ने 38 और आरएलपी ने 63 वार्डों में जीत दर्ज की है। अब सिर्फ 9 वार्डों के परिणाम आने बाकी हैं, जिनमें जयपुर नगर निगम के 4 वार्ड, जोधपुर नगर निगम का 1 वार्ड, कोटा नगर निगम के 3 वार्ड और सुकेत नगरपालिका का 1 वार्ड शामिल है।

