चंदौसी में गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार शाम ऐतिहासिक रथयात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का दावा किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा और यूपी की शिक्षा मंत्री गुलाब देवी भी शोभायात्रा में मौजूद रहीं। आधुनिक तकनीक से तैयार स्वचालित झांकियां और विशाल धार्मिक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। मेले का उद्घाटन 12 सितंबर को हुआ था। सोमवार 14 सितंबर को शाम करीब 5 बजे गणेश मंदिर से शोभायात्रा शुरू हुई। रात में शहर की सड़कों पर लाइटों की रोशनी से रथयात्रा जगमगा उठी। गणेश मंदिर परिसर में स्थापित 145 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इस प्रतिमा का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18 जुलाई को किया था। 1961 में एक झांकी से शुरू हुआ था मेला मेला संस्थापक डॉ. गिरिराज किशोर के बेटे मनोज गुप्ता ने बताया कि गणेश चतुर्थी मेला वर्ष 1961 में एक झांकी के साथ शुरू हुआ था। अब मेले में 41 झांकियां शामिल होती हैं। उन्होंने बताया कि मेला संस्थापक ने सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर इसकी शुरुआत की थी। यही वजह है कि यह मेला कौमी एकता का प्रतीक भी माना जाता है। देखें, 3 तस्वीरें…. शोभायात्रा में तलवड़िये, राजस्थानी बौना-बौनी ऊंट, घोड़े, चंदौसी ढोल, गौरिल्ला, गुड्डा, लम्बू महाराष्ट्र बैंड, देशभक्ति ढोल, केरल कोच्चिपुरी मेरठ, बराह भगवान, लेडीज बैंड मेरठ, अर्द्ध हनुमान-गणेश, बरेली बैंड, कालरात्रि, खाटू श्याम, माता महाकाली, नदी गणेश, शर्मा बैंड हापुड़, जगन्नाथ जी, कुबेर जी, भांगड़ा, शंकर भगवान, संतोषी माता का रथ, कीर्तन, भगवान राम, नृत्य मुद्रा गणेश, महाराष्ट्र बैंड हापुड़, हनुमान जी-महाकाल की पालकी, प्रसाद वाहन और प्रभु गणेश की झांकी समेत कई झांकियां शामिल रहीं। रातभर चलेगी शोभायात्रा रथयात्रा गणेश मंदिर से शुरू होकर सीता रोड, मनिहार चौक, बिसौली गेट, बड़ा बाजार, घंटाघर, फड़ियाई बाजार, ब्रह्म बाजार, कैथल गेट, मेला ग्राउंड रोड और इंदिरा मार्ग होते हुए वापस गणेश मंदिर पहुंचेगी। आयोजकों के मुताबिक, शोभायात्रा देर रात तक चलेगी और मध्यरात्रि के बाद करीब 4 बजे तक इसके संपन्न होने की संभावना है।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि चंदौसी का गणेश चतुर्थी मेला प्राचीन है और लंबे समय से आयोजित होता आ रहा है। इसकी पहचान सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में है। शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि चंदौसी उनका विधानसभा क्षेत्र है। गणेश चतुर्थी की रथयात्रा और मेले की वजह से चंदौसी शहर की पहचान पूरे प्रदेश में बनी हुई है। श्रद्धालु अंकित जैन ने बताया कि करीब 66 वर्षों से चंदौसी में गणेश चतुर्थी की शोभायात्रा निकल रही है। इसमें संभल समेत आसपास के क्षेत्रों से 5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचते हैं। 1000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शोभायात्रा की सुरक्षा के लिए संभल जिले के साथ आसपास के पांच जिलों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पीएसी और आरआरएफ के जवान भी लगाए गए हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

