चमोली-हादसे के मृतकों-घायलों के परिजनों को 28 लाख की मदद:कोंडागांव विधायक ने प्रभावित परिवारों को दी सहायता राशि, बोलीं-सरकार हर मदद के लिए तैयार

चमोली-हादसे के मृतकों-घायलों के परिजनों को 28 लाख की मदद:कोंडागांव विधायक ने प्रभावित परिवारों को दी सहायता राशि, बोलीं-सरकार हर मदद के लिए तैयार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर उत्तराखंड के चमोली जिले में हुए सुरंग हादसे के पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी गई है। इस दुर्घटना में कोंडागांव जिले के कई श्रमिक मारे गए थे या घायल हुए थे। सोमवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने जिला कार्यालय में प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को यह राशि सौंपी। इसमें राज्य और उत्तराखंड सरकार दोनों की तरफ से मिली सहायता शामिल है। हादसे में जान गंवाने वाले जिले के तीन श्रमिकों के परिवारों को 9-9 लाख रुपए दिए गए। इस तरह कुल 27 लाख रुपए की मदद मिली। वहीं, दो घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रुपए दिए गए, जो कुल 1 लाख रुपए होते हैं। कुल मिलाकर, प्रभावित परिवारों और घायलों को 28 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिली है। इसमें मुख्यमंत्री सहायता कोष से 16 लाख रुपए और उत्तराखंड सरकार से मिले 12 लाख रुपए शामिल हैं। विधायक लता उसेंडी बोलीं- सरकार हर मदद के लिए तैयार सहायता राशि देते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव मदद देने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में ही रोजगार के मौके देने की कोशिश की जा रही है। विधायक ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की अलग-अलग योजनाओं का फायदा उठाएं। अपने गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के मौके तलाशें। उन्होंने कहा कि काम की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने से बचें। स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाकर ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। इस मौके पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन चमोली हादसे से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए संवेदनशील हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अपर कलेक्टर और कोंडागांव एसडीएम अजय उरांव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह और श्रम विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *