महोबा में पैरोल पर आए उम्रकैदी ने पत्नी को त्रिशूल से गोदा, आरोपी खाने में जहर देने का करता था शक

महोबा में पैरोल पर आए उम्रकैदी ने पत्नी को त्रिशूल से गोदा, आरोपी खाने में जहर देने का करता था शक

Mahoba Crime News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पैरोल पर घर आए एक उम्रकैदी ने शक के चलते अपनी ही पत्नी की त्रिशूल से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी पर कई वार किए जिससे महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या करने के बाद आरोपी करीब 3 घंटे तक शव के पास ही चुपचाप बैठा रहा और बाद में उसने खुद ही परिजनों और पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

खाने में जहर देने का शक करता था आरोपी

यह पूरी घटना कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रगौलिया बुजुर्ग गांव की है। जिला मुख्यालय से करीब 48 किलोमीटर दूर रहने वाले कल्लन रैकवार को अपनी पत्नी चंपा पर शक था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी खाने में कोई जहरीला या नशीला पदार्थ मिलाकर देती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी इसी शक को लेकर विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर कल्लन ने घर में रखे त्रिशूल से अपनी पत्नी के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

नातिन की हत्या में काट रहा था उम्रकैद की सजा

आरोपी कल्लन रैकवार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह मध्य प्रदेश की सतना जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। साल 2014 में उसने मध्य प्रदेश के नौगांव में अपनी 10 महीने की नातिन को पत्थर से पटककर मार डाला था। इसी जघन्य अपराध में कोर्ट ने साल 2017 में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। कल्लन हर 3 महीने में पैरोल पर अपने घर आता था और इस बार वह 1 सितंबर को 14 दिन की पैरोल पर घर आया था जिसके बाद उसने इस वीभत्स घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने वारदात के बाद भागने की कोशिश नहीं की बल्कि वह 3 घंटे तक शव के पास ही बैठा रहा।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि PRV के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंच गई थी। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *