मेरठ में 2 दिन से लापता युवक का शव मिला:ट्यूबवेल के पास खड़ंजे पर पड़ा मिला, परिवार ने हत्या की आशंका जताई

मेरठ में 2 दिन से लापता युवक का शव मिला:ट्यूबवेल के पास खड़ंजे पर पड़ा मिला, परिवार ने हत्या की आशंका जताई

मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव में दो दिन से लापता 27 साल के युवक का शव सोमवार सुबह धंतला गांव के जंगल में ट्यूबवेल के पास खड़ंजे पर मिला। शव मिलने की खबर से इलाके में हलचल मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए। परिवार ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चंद्रपुरा गांव के रहने वाले सुमित मावी (27) पुत्र ईश्वर पाल दो दिन पहले अचानक गायब हो गए थे। उनके घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से भी पूछा गया, लेकिन सुमित का कोई पता नहीं चला। 3 तस्वीरें देखिए… सोमवार सुबह धंतला गांव के रहने वाले रोहिताश अपने ट्यूबवेल की तरफ गए। वहां उन्होंने खड़ंजे के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को बताया। खबर मिलते ही खरखौदा थाना प्रभारी समय सिंह अत्री पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ किठौर भी घटनास्थल पर आए। पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जमा किए। शव की पहचान सुमित मावी के तौर पर होने की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव वालों का कहना है कि युवक की हत्या के बाद शव को जंगल की तरफ फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की बात पक्की नहीं की है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। सुमित अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने पिता के साथ खेती में मदद करते थे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खरखौदा थाना प्रभारी समय सिंह अत्री ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *