सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के गोपालापुर गांव में रविवार सुबह घर में लगी भीषण आग में मां-बेटे की मौत के बाद देर रात दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका गौरी (40) और उसके 10 वर्षीय बेटे कृष्णा को एक ही चिता पर लिटाया गया। पिता कमलेश ने दोनों को मुखाग्नि दी। हादसे में गंभीर रूप से झुलसी 17 वर्षीय बेटी काजल का लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान बिजली के मीटर में अचानक आग लग गई। बताया गया कि मीटर से निकली चिंगारी और टूटकर गिरे बिजली के तार घर में रखे भूसे पर जा गिरे। पास में डीजल रखा होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से कृष्णा बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कमलेश की पत्नी गौरी और बेटी काजल गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास करने के साथ पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद एंबुलेंस के पहुंचने में काफी समय लगा। इस पर मिश्रिख कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह पुलिस वाहन से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में काजल को लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। देर रात पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद गौरी और कृष्णा का अंतिम संस्कार किया गया। मां-बेटे की एक साथ चिता जलते देख गांव में मातम छा गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम आग के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। ————————————- यह खबर भी पढ़ें… सीतापुर में जिंदा जला 10 साल का बच्चा:जुबान बाहर निकली, चादर में लपेटकर अस्पताल ले गए, मां ने भी दम तोड़ा
सीतापुर में शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। इसमें झुलसने से 10 साल के बच्चे और उसकी मां की मौत हो गई। बच्चे का पूरा शरीर जल गया। उसकी जुबान तक बाहर आ गई। उसे चादर में लपेटकर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान मां ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, उसकी 17 साल की बहन की हालत गंभीर बनी है। लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में उसका इलाज चल रहा है। घटना मिश्रिख कोतवाली की रविवार सुबह 6 बजे की है। महिला के पति और बड़ा बेटा अपनी परचून की दुकान खोलने गए थे, जबकि बेटा -बेटी कमरे में सो रहे थे। पढ़ें पूरी खबर

