देवरिया में बिहार के गोपालगंज जिले की 20 साल की एक विवाहिता घर से भटककर सलेमपुर पहुंच गई। रविवार देर शाम उसे सलेमपुर के गांधी चौक पर अकेले घूमते देखा गया। स्थानीय लोगों ने शाम सात बजे इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित कोतवाली ले आई। कोतवाली पहुंचने पर प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने महिला से बातचीत की। महिला ने बताया कि उसे भूख लगी है, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे भोजन कराया। महिला की पहचान रोजी गुप्ता के तौर पर हुई है। वह लालू गुप्ता की बेटी और गोपालगंज (बिहार) के सिमराही, पोस्ट आहियापुर, थाना विजयीपुर की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक, महिला शादीशुदा है और मानसिक रूप से थोड़ी परेशान बताई जा रही है। वह करीब तीन दिन पहले अपने घर से भटक गई थी। पुलिस ने महिला से मिली जानकारी के आधार पर विजयीपुर थाना पुलिस से संपर्क किया। वहां से परिवार की जानकारी मिलने के बाद वीडियो कॉल के जरिए महिला की उसके माता-पिता और भाइयों से बात कराई गई। परिवार वालों ने महिला की पहचान की। सलेमपुर के कोतवाल विनोद सिंह ने बताया कि महिला सलेमपुर कोतवाली में सुरक्षित है। परिवार से तालमेल बिठाकर उसे उनके हवाले करने की जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

