नगालैंड के तुएनसांग जिले में पिछले तीन दिनों में जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीने के बाद कुछ लोगों को सांस लेने में तकलीफ हुई और बाद में उनकी मौत हो गई। घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद तुएनसांग पुलिस ने शहर और चेंदांग सैडल इलाके में व्यापक तलाशी और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई जगहों से शराब के पाउच, करीब 470 बोतल IMFL (इंडियन मेड फॉरेन लिकर) और बीयर के कैन जब्त किए गए।
शराब बेचने वाले परिवार के एक सदस्य ने फांसी लगाई पुलिस के मुताबिक, तुएनसांग शहर और चेंदांग सैडल गांव में 10 और 11 सितंबर को मौतों की घटनाएं सामने आईं। शनिवार को तुएनसांग सिविल अस्पताल में भर्ती लोगों की मौत का पैटर्न सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बयान में कहा गया है कि शुरुआती जांच के आधार पर सभी मौतों का शराब पीने से सीधा संबंध है और उसी के अनुसार जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद शराब बेचने वाले परिवार के एक सदस्य ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसकी मौत के कारणों की अलग से जांच की जा रही है।
शराब पीने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ी जांच में सामने आया कि मृतकों में से ज्यादातर ने तबीयत बिगड़ने से पहले शराब पी थी। इसके बाद उन्हें धुंधला दिखाई देना, तेज सिरदर्द, चक्कर, जी मिचलाना और उल्टी जैसी समस्याएं हुईं। परिवार वालों ने इन्हें अस्पताल में एडमिट करवाया, जहां इलाज के दौरान ये मौतें हुईं। इस घटना के सामने आने के बाद राज्य पुलिस ने रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से अनजान या अनधिकृत स्रोतों से मिली शराब न पीने की अपील की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध शराब कहां से आई। क्योंकि, नागालैंड में शराब बैन है। ——————— ये खबर भी पढ़ें… MP में जहरीली शराब से 2 दिन में 12 मौतें:जहर इतना कि शरीर नीले पड़े, 109 भर्ती; सागर में 5 अधिकारी सस्पेंड, 30 पर FIR मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 3 की मौत शनिवार देर रात हुई थी। फिलहाल 109 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। कई मरीजों के शरीर नीले पड़ गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…
नगालैंड में जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत:छापेमारी में 470 बोतलें और बीयर कैन जब्त, राज्य में शराब पर है बैन

